संकट के दौर में भी मुनाफा कमा रही अनिल अंबानी की ये कंपनी
नई दिल्ली
वैसे तो अनिल अंबानी की अधिकतर कंपनियां बिक्री प्रक्रिया से गुजर रही हैं लेकिन अब भी एक ऐसी कंपनी है जो मुनाफे में है। इस कंपनी का नाम रिलायंस पावर है। अनिल अंबानी की रिलायंस पावर के दिसंबर तिमाही (वित्त वर्ष 2020-21) के नतीजे बताते हैं कि कंपनी को करीब 53 करोड़ रुपये का बड़ा मुनाफा हुआ है। आइए जानते हैं कि इस कंपनी को संभालने वाले लोग कौन हैं।
रिलायंस पावर के टीम की बात करें तो चेयरमैन अनिल अंबानी हैं जबकि बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में अतिरिक्त 5 लोग शामिल हैं। इनमें पहला नाम सतेश सेठ का आता है। सतीश सेठ चार्टर्ड एकाउंटेंट हैं। उन्होंने लॉ की भी डिग्री ली हुई है। इसी तरह, के राजा गोपाल ने एमबीए की पढ़ाई की है। उन्हें करीब 35 साल का अनुभव है। इसके अलावा बिमल जुल्का, जो कि सरकार में जाना-पहचाना नाम है, आईएएस अधिकारी हैं। वह मध्य प्रदेश कैडर के अधिकारी हैं।
राज्य और राष्ट्रीय दोनों स्तरों पर चार दशकों तक काम किया है। बोर्ड टीम में एक और नाम विजय कुमार शर्मा को है। वह भारतीय जीवन बीमा निगम के अध्यक्ष भी रहे हैं। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर किया गया। बोर्ड टीम में महिला मेंबर छाया वीरानी हैं। छाया ने मुंबई विश्वविद्यालय से कला में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है। उन्होंने 1976 में गवर्नमेंट लॉ कॉलेज से विधायी कानूनों में स्नातक की डिग्री भी हासिल की। वह अनिल अंबानी की अधिकतर कंपनियों के बोर्ड में शामिल हैं।
रिलायंस पावर को वित्त वर्ष 2020-21की दिसंबर तिमाही में करीब 53 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ है। मुनाफे में करीब 6 फीसदी की बढ़ोतरी है। एक साल पहले इसी तिमाही में रिलायंस पावर को 49 करोड़ रुपये से ज्यादा का मुनाफा हुआ था। अगर कुल आय की बात करें तो दिसंबर तिमाही में 2,006.66 करोड़ रुपये हो गई। इससे एक साल पहले इसी अवधि में 1,897.93 करोड़ रुपये की कमाई की थी।
आपको बता दें कि अनिल अंबानी की ये कंपनी विदेशों में भी सक्रिय है। बीते साल की पहली छमाही में रिलायंस पावर और जापान की एनर्जी कंपनी जेरा ने एक समझौता किया था। रिलायंस पावर और जेरा मिलकर बांग्लादेश के मेघनाघाट में 745 मेगावॉट की प्राकृतिक गैस आधारित परियोजना का विकास कर रही हैं।
रिलायंस पावर अनिल अंबानी की उन कंपनियों में है, जिसका मार्केट कैपिटल 1 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा है। वहीं, शेयर का भाव करीब 5 रुपये के स्तर पर है। अनिल अंबानी की अधिकतर कंपनियों का मार्केट कैपिटल सिर्फ तीन अंकों में ही है।