लॉकडाउन: मुंबई में ₹900 किलो बिक रहा मटन
मुंबई
लॉकडाउन में परिवहनों के आवागमन पर रोक है। जानवरों का ट्रांसपोर्टेशन नहीं हो पा रहा है। ऐसे में मुंबई शहर में मटन 900 रुपये किलो बेचा जा रहा है। मुंबई में वॉटर बफैलो का मीट 400 रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से बेचा जा रहा है। मांस-विक्रेताओं के बीच लॉकडाउन का संकट तो है ही साथ ही देवनार का बूचड़खाना बंद होने से भी मीट सप्लाई की समस्या है। यहां पर चिकन की स्थानीय उपलब्धता है इसलिए विक्रेता चिकन ज्यादा बेच रहे हैं।
राज्य सरकार ने आवश्यक वस्तुओं अधिनियम के तहत लॉकडाउन के दौरान मांस और मछली की दुकानों को संचालित करने की अनुमति दी है। मुंबई को गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों से सप्ताह में दो बार लगभग 30,000 बकरियां मिलती हैं। उन्हें पश्चिमी भारत के सबसे बड़े बूचड़खानों में से एक देवनार में काटा जाता है। हालांकि, 25 मार्च से पूर्ण लॉकडाउन के बाद, बहुत कम जानवर दूसरे राज्यों से मुंबई आ रहे हैं, और चूंकि देवनार सीमा से बाहर है, इसलिए व्यापारी जानवरों को वहां ले जाने के लिए उत्सुक नहीं हैं।
कारोबार में आई 50 फीसदी तक गिरावट
मुंबई के उप शहरी इलाके के बीफ डीलर असोसिएशन के अध्यक्ष मुहम्मद कुरैशी ने कहा कि कारोबार में 50 फीसदी से अधिक की गिरावट आई है। उन्होंने कहा, 'चूंकि जानवर देवनार नहीं आ रहे हैं, जो कुछ भी उपलब्ध है, छोटे विक्रेताओं के पास उपलब्ध है। छोटे विक्रेता मीट को ज्यादा कीमतों पर बेच रहा है। मुझे बताया गया कि मटन की कीमतें 900 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई हैं और भैंस का मांस, जो 200 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा था, अब 400 रुपये में जा रहा है। इसके अलावा, मांस की गुणवत्ता भी बहुत अच्छी नहीं है।
बूचड़खाने संचालित करना असंभव
सामान्य परिस्थितियों में, 250 वॉटर बफैलो, 3000 भेड़ और बकरियों को हर दिन देवनार में काटा जाता था। लेकिन लॉकडाउन नियमों और सोशल डिस्टेंसिंग ने बूचड़खानों को संचालित करना असंभव बना दिया है। शहर की बहुत कम दुकानें लाल मीट बेच रही हैं।
ऑनलाइन नजर आते ही कुछ ही मिनटों में बिक जाता है मीट
सायन में एक बूचड़खाने चलाने वाले अब्दुल कुरैशी ने कहा कि मांग और आपूर्ति में बहुत बड़ा बेमेल है। ठाणे निवासी नयना शिंदे ने कहा, 'लोग अब चिकन 200 रुपये प्रति किलो में खरीदने को मजबूर हैं।' यहां तक कि ऐप-आधारित मांस आपूर्तिकर्ता स्टॉक से बाहर हो गए हैं। मटन ऑनलाइन सर्विस पर शायद ही उपलब्ध हो। जैसे ही ऑनलाइन में यह दिखाई देता है, कुछ ही समय में सब बिक जाता है।