रितिक रोशन को मुंबई पुलिस ने भेजा समन

रितिक रोशन को मुंबई पुलिस ने भेजा समन

मुंबई
मुंबई पुलिस की क्राइम इंटेलिजेंस यूनिट ने ऐक्ट्रेस कंगना रनौत से जुड़े आईटी ऐक्ट के मामले में रितिक रोशन को पूछताछ और बयान दर्ज कराए जाने के लिए समन भेजा है। मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बताया है कि रितिक को 27 फरवरी को इस मामले में पेश होने के लिए कहा गया है। इस केस में रितिक और कंगना दोनों ने कथित तौर पर एक दूसरे को ईमेल्स भेजे थे।

यह समन साल 2016 से जुड़े केस में है, जिसे दो महीने पहले CIU को ट्रांसफर कर दिया गया था। उस केस में शिकायतकर्ता भी रितिक रोशन ही हैं। कंगना रनौत से जुड़े इस केस का पहले साइबर पुलिस स्टेशन इनवेस्टिगेशन कर रही थी। रितिक रोशन ने 5 साल पहले आईपीसी के सेक्शन 419 और आई ऐक्ट के सेक्शन 66 (सी) और 66 (डी) के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। कंगना रनौत से जुड़ा विवाद इसी के बाद कई महीनों तक सुर्खियों में रहा था। दोनों ने एक दूसरे को कई लीगल नोटिस भेजे थे। इसलिए इस केस में बाद में कंगना का भी स्टेटमेंट लिया जा सकता है।