राजधानी में मिले 823 कोरोना पॉजिटिव, कोलार और शाहपुरा के 7 वार्डों में 7 दिन का लॉकडाउन जारी

राजधानी में मिले 823 कोरोना पॉजिटिव, कोलार और शाहपुरा के 7 वार्डों में 7 दिन का लॉकडाउन जारी

भोपाल
60 घंटे के लॉकडाउन के बाद आज सुबह बाजार खुले तो अच्छी खासी भीड़ हो गई। इस दौरान मॉस्क लगाए तो नजर आए लेकिन सोशल डिस्टेसिंग भूल गए। किराना और सब्जी की दुकानों में विशेष भीड़भाड़ दिखाई दी। दूसरी ओर भदभदा विश्राम घाट पर आज 39 शव जलाए गए। उधर कोलार इलाके में 19 अप्रैल तक का लॉकडाउन अब भी जारी है।

राजधानी में कोलार के बाद अब गोविंदपुरा सर्कल में कोरोना संक्रमण तेजी से पैर पसार रहा है। यहां लगातार मामले बढ़ते जा रहे हैं। भोपाल में आज कुल 823 कोरोना पॉजीटिव मरीज मिले हैं। वहीं, कोलार में तो 9 दिनों के लॉकडाउन के बाद भी मरीजों की संख्या कम नहीं हो रही है। इधर, गोविंदपुरा सर्कल भी कोलार की राह पर चल रहा है। यहां पर भी तेजी से कोविड पॉजिटिव मरीज सामने आ रहे हैं। वर्तमान में कोलार में 1666, गोविंदपुरा में 1054, एमपी नगर में 473, बैरागढ़ में 421 सहित पूरे शहर में 4568 कोरोना पॉजीटिव मरीज हैं। यही हालात रहे तो आने वाले दिनों में गोविंदपुरा को भी प्रशासन द्वारा लॉकडाउन करने का निर्णय लिया जा सकता है।

शहर में करीब तीन सप्ताह से पहले रविवार और फिर शनिवार-रविवार को टोटल लॉकडाउन रहा, लेकिन संक्रमण की रफ्तार लगातार बढ़ती गई। विभागीय सूत्रों की मानें तो संक्रमण जिस तेजी से बढ़ रहा है, उसे देखते हुए पूरे जिले में लॉकडाउन बढ़ाया जा सकता है। इस संबंध में आज फिर जिला क्राइसिस कमेटी की बैठक कर चर्चा करेगी। दरअसल, शासन ने स्थानीय कलेक्टरों को लॉकडाउन के संबंध में निर्णय लेने की छूट दी गई है। इस पर अब तक भोपाल में लॉकडाउन को लेकर कोई निर्णय नहीं लिया गया है।

दो दिन के लॉकडाउन के बाद सोमवार को सुबह छह बजे से कोलार व शाहपुरा के सात वार्डों को छोड़कर पूरे शहर को खोल दिया गया। ऐसे में सुबह से ही शहर की सड़कों और बाजारों में भीड़भाड़ दिखने लगी। लोग अपने काम और खरीदारी को लेकर आवागमन करते हुए देखे गए।

कोलार और शाहपुरा के सात वार्डों को छोड़कर बाकी शहर सोमवार को खुल गया। सिर्फ सात वार्ड ही 19 अप्रैल तक कंटेनमेंट क्षेत्र बनाए गए हैं। यहां पर दूध और पेपर बांटने के लिए सुबह 6 से 10 बजे तक छूट दी गई है। साथ ही औद्योगिक ईकाइयों में कार्यरत मजदूरों, कर्मचारियों और सरकारी कर्मचारियों को आवागमन की छूट दी गई है। निजी क्षेत्र के कर्मचारियों को आवागमन की छूट नहीं दी गई है। नगर निगम सब्जी, फल विक्रय की व्यवस्था कर रहा है। एसडीएम की तरफ से अधिकृत की गई होम डिलीवरी की सुविधा चालू रहेगी।