भागलपुर मेडिकल कॉलेज में पांच घंटे के अंतराल पर दो कोरोना पेशेंट ने दम तोड़ा
भागलपुर
भागलपुर के जवारलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल(जेएलएनएमसीएच JLNMCH) में इलाजरत दो कोरोना मरीजों की मौत पांच घंटे के अंतराल में हो गयी। मृतकों में एक नवगछिया की बुजुर्ग महिला तो दूसरा झारखंड प्रदेश के साहेबगंज जिले का रहने वाला युवक था। दोनों लाश को कोविड पॉलीपैक में सील करने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
जेएलएनएमसीएच के हॉस्पिटल मैनेजर सुनील कुमार गुप्ता ने बताया कि भागलपुर के नवगछिया निवासी 62 वर्षीय बुजुर्ग महिला को कोरोना संक्रमित होने पर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल में 16 सितंबर को भर्ती कराया गया था। उनका आईसीयू में इलाज चल रहा था। शनिवार की सुबह अचानक उनकी तबीयत गंभीर हो गयी। सांस लेने में तकलीफ बढ़ी तो ऑक्सीजन सेचुरेशन लेवल कम होने लगा और पल्स रेट भी कम हो गया।
आखिरकार सुबह 10:45 बजे उनकी इलाज के दौरान मौत हो गयी। झारखंड के साहेबगंज जिला निवासी 45 वर्षीय युवक कोरोना संक्रमित हो गया था। उनकी तबीयत खराब हुई तो उन्हें जेएलएनएमसीएच रेफर किया गया। जहां उन्हें 18 सितंबर को आईसीयू में भर्ती कराया गया। शनिवार की सुबह छह बजे उनकी मौत हो गयी।