बिहार चुनाव: BJP की दूसरे चरण के लिए स्टार प्रचारकों की सूची में आधे से अधिक बिहार के नेता
पटना
भाजपा ने बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी। इसमें भी सबसे ऊपर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हैं। भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह दूसरे चरण में भी पार्टी के स्टार प्रचारकों में शामिल हैं। 30 प्रचारकों की सूची में इस बार बिहार भाजपा के आधे से अधिक 17 नेताओं को जगह दी गई है। इसमें वैसे नेता भी शामिल हैं जो पहले चरण के स्टार प्रचारकों में शामिल नहीं थे। पार्टी की ओर से दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष व सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह भी स्टार प्रचारकों में शामिल हैं। इसके अलावा बिहार भाजपा प्रभारी भूपेन्द्र यादव और महाराष्ट्र के पूर्व सीएम देवेन्द्र फडणवीस को भी इस सूची में शामिल किया गया है।
पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, झारखंड के पूर्व सीएम रघुवर दास, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी व धर्मेन्द्र प्रधान को शामिल किया गया है। जबकि भाजपा के स्टार प्रचारकों में बिहारी नेताओं में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल, उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के अलावा राधामोहन सिंह, रविशंकर प्रसाद, गिरिराज सिंह, अश्विनी कुमार चौबे, नित्यानंद राय, मनोज तिवारी, नंद किशोर यादव, राजीव प्रताप रूडी, शाहनवाज हुसैन, मंगल पांडेय, शिव नारायण, गोपाल ठाकुर, अजय निषाद, संजय पासवान व सम्राट चौधरी शामिल हैं।