बर्फीली हवा से दो दिनों में लुढ़का 5 डिग्री पारा, ठंड और बढ़ेगी
पटना
उत्तर-पश्चिम दिशा यानी पर्वतीय क्षेत्रों से आ रही बर्फीली की वजह से पटना सहित सूबे के विभिन्न शहरों के तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम साफ होते ही शनिवार रात के तापमान में कमी आई।
पटना, गया, भागलपुर और पूर्णिया सहित अन्य शहरों का न्यूनतम तापमान तेजी से नीचे आया। राज्यभर में गया सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले दो दिनों में पटना का न्यूनतम पारा पांच डिग्री तक नीचे आया है, जिससे शाम ढलते ही ठंड महसूस हो रही है। पिछले 24 घंटे में पटना का न्यूनतम पारा लगभग डेढ़ डिग्री नीचे आया और 10.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम वैज्ञानिक अमित कुमार सिन्हा के अनुसार अगले तीन चार दिनों तक पारे में गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे ठंड बढ़ सकती है। हालांकि दिन में धूप खिलेगी, लेकिन शाम ढलते ही मैदानी इलाकों में ठंड का असर दिखेगा। रविवार को लगभग पूरे सूबे में धूप खिली, लेकिन मंद-मंद हवा चलने से धूप का विशेष असर नहीं दिखा।
पटना का अधिकतम तापमान भी गिरा
पटना में रविवार को दिन में भी ठंड का विशेष असर दिखा। अधिकतम तापमान में दो डिग्री की गिरावट की वजह से यह असर देखा गया। रविवार को अधिकतम पारा 26 डिग्री रहा, जबकि गया का 27, भागलपुर का 27.9 और पूर्णिया का 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को भी पटना, गया सहित सूबे के अधिकतर शहरों में दिन में धूप खिलने के आसार हैं, लेकिन ठंड में बढ़ोतरी होगी। साथ ही सुबह और शाम धुंध में बढ़ोतरी हो सकती है।
गया में दो दिनों में गिरा सात डिग्री पारा
गया में दो दिनों में न्यूनतम तापमान सात डिग्री तक नीचे आया है। गुरुवार रात गया का न्यूनतम तापमान जहां 16.1 डिग्री सेल्सियस था, वहीं शनिवार रात यह 9.1 डिग्री तक पहुंच गया। पटना में भी दो दिनों में चार डिग्री की गिरावट हुई है। गुरुवार की रात पटना का न्यूनतम पारा 15.8 डिग्री व शनिवार रात 10.4 डिग्री रहा। भागलपुर में न्यूनतम पारा दो डिग्री लुढ़का और यह 14.2 डिग्री पर पहुंच गया। पूर्णिया में एक डिग्री गिरकर 13.1 पर पहुंच गया।