प्रदेश के 82 हजार 666 दिव्यांग गायब, 15 जुलाई तक करें दिव्यांगों का सत्यापन

प्रदेश के 82 हजार 666 दिव्यांग गायब, 15 जुलाई तक करें दिव्यांगों का सत्यापन

भोपाल
प्रदेश के 82 हजार 666 दिव्यांग गायब है। सामाजिक न्याय विभाग के अफसर अब तक इनकी खोजबीन नहीं कर पाए है। इसके चलते इनको मिलने वाली पेंशन पर संकट के बादल मंडराने लगे है। आयुक्त सामाजिक न्याय रेणु तिवारी ने जिले के अफसरोें को निर्देश दिए है कि पंद्रह जुलाई तक इन सभी दिव्यांगों का सत्यापन कर स्पर्श पोर्टल पर जानकारी दर्ज की जाए।

दिव्यांग पेंशन योजनाओं का लाभ देने के लिए  दिव्यांग हितग्राहियों का सत्यापन 20 जून तक किया जाना था। लेकिन एक से 23 जून के बीच किए गए सर्वे और सत्यापन में  प्रदेश के 35 हजार 1 दिव्यांग ही मिल पाए और उनका सत्यापन कर स्पर्श पोर्टल पर उनका पंजीयन कर दिया गया। लेकिन अभी भी 82 हजार 666 दिव्यांग नहीं मिल पाए है। उनका सत्यापन नहीं होने से उनकी पेंशन रोकी जा सकती है।

दतिया जिले में कुल 531 दिव्यांगजन थे।  अधिकारियों ने सबका सत्यापन कर स्पर्श पोर्टल पर भी उनकी जानकारी दर्ज करा दी है। इसके लिए आयुक्त सामाजिक न्याय रेणु तिवारी ने दतिया कलेक्टर और जिले के अफसरों की तारीफ करते हुए अन्य जिलों के अधिकारियों को दतिया की तर्ज पर काम करने के निर्देश दिए है।