पहाड़ों में बर्फबारी से बिहार में बढ़ी ठंड, पटना में दो साल का टूटा रिकॉर्ड

पहाड़ों में बर्फबारी से बिहार में बढ़ी ठंड, पटना में दो साल का टूटा रिकॉर्ड

पटना 
बिहार में पिछले 24 घंटे में तेज रफ्तार से बह रही उत्तर पश्चिमी बर्फ़ीली हवा ने कनकनी बढ़ा दी है। पटना में नवम्बर महीने का दो साल का रिकॉर्ड टूट गया है। रविवार को पटना का न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड 10.8 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे पहले 25 नवम्बर 2017 को राजधानी का न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। 

रविवार को स्थिति यह थी कि बिना स्वेटर घर से बाहर निकलना असहज हो गया और दिन में धूप भी ठंड दूर करने में नाकाफी हो गयी। राजधानी में सड़कों पर अधिकतर लोग स्वेटर में  नजर आए। घरों में भी रजाई कम्बल में दुबके रहे। दुकानों में गर्म कपड़ों की खरीदारी तेज हो गई है। दरअसल, आसमान साफ होने की वजह से इसका सीधा असर न्यूनतम पारे पर पड़ा है और यह तेजी से नीचे की ओर लुढ़का है। 

मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो सूबे में हवा की रफ्तार 26 किमी प्रतिघंटे रही। पर्वतीय इलाकों में हो रही बर्फबारी से मैदानी इलाकों में सिहरन बढ़ी है। पटना में हवा की रफ्तार 14 से 16 किमी प्रतिघंटे तक दर्ज की गई। शनिवार देर रात से ही हवा की रफ्तार में तेजी देखी गई और इसका असर पूरे सूबे में रहा। यही वजह रही कि पटना का न्यूनतम पारा पिछले 24 घंटे में सात डिग्री तक नीचे आ गया। पटना में न्यूनतम तापमान इस सीजन के सबसे निचले स्तर 10.8 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। पिछले 24 घंटे में गया सूबे में सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम पारा 8.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि फिलहाल न्यूनतम पारा इससे नीचे नहीं आएगा। अधिकतम तापमान में उतार-चढ़ाव की स्थिति रह सकती है।

दो दिनों से छाए थे बादल
पिछले दो दिनों से सूबे में आंशिक बादल छाए हुए थे। इस वजह से छठ के दौरान न्यूनतम पारा सामान्य से एक से दो डिग्री तक ऊपर चल रहा था। शनिवार की देर शाम से जैसे ही बादलों का छंटना शुरू हो गया और आसमान साफ हुआ वैसे ही पारे में तेजी से गिरावट आई। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि सोमवार को भी यही स्थिति बनी रहेगी।

सामान्य से पांच डिग्री नीचे आया अधिकतम पारा
इधर उत्तर पश्चिमी हवा का असर अधिकतम तापमान पर भी पड़ा है। पिछले 24 घंटे में पटना का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री तक नीचे चला आया है। लोग दिन में भी इस सीजन में पहली बार ठंड महसूस करते दिखे। अभी पटना का सामान्य पारा 28.5 डिग्री सेल्सियस होना चाहिए जबकि रविवार को अधिकतम पारा काफी नीचे 23.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। गया में भी अधिकतम पारा सामान्य से तीन डिग्री नीचे 25.4 डिग्री, जबकि भागलपुर का 26 और पूर्णिया का 25 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा।