पहले 2 दिन नोएडा और 1 रात कोटा में रुका विकास दुबे

पहले 2 दिन नोएडा और  1 रात कोटा में रुका विकास दुबे

शिवपुरी
विकास दुबे गिरफ्तारी से पहले नोएडा और कोटा में रुका था। कानपुर में 8 पुलिसकर्मियों की हत्या के बाद गैंगस्टर विकास दुबे 2 दिन तक नोएडा में रुका था। सूत्रों के अनुसार उज्जैन पहुंचने से पहले वह 1 रात कोटा में भी रुका था। इस बीच उज्जैन पुलिस ने लखनऊ नंबर की एक गाड़ी जप्त की है।

उज्जैन में जब्त कार की सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। यह कार 7 जुलाई को शिवपुरी जिले के पुरनखेड़ी टोल प्लाजा से गुजर रही थी। सीसीटीवी रात साढ़े सात बजे की बताई जा रही है। ऐसे में सवाल है कि क्या विकास दुबे इसी कार में सवार होकर पहुंचा था।

स्थानीय जानकार बताते हैं कि जहां से UP32KS 1104 नंबर की कार गुजरी है, वह रास्ता कोटा की तरफ से ही आता है। इस रास्ते से गुना, भोपाल और इंदौर होते हुए उज्जैन पहुंच सकते हैं। हालांकि इस कार से लखनऊ के 2 वकीलों की गिरफ्तारी हुई है। जिनसे पूछताछ की जा रही है। क्या इनका कोई विकास दुबे से कनेक्शन है। लेकिन प्रशासन के सूत्र बता रहे हैं कि वह सड़क मार्ग के जरिए ही उज्जैन पहुंचा है।

नोएडा में रुका 2 दिन
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कानपुर कांड के बाद वह 5 और 6 जुलाई को नोएडा में रुका था, उसके बाद कोटा के लिए रवाना हो गया। कोटा से विकास दुबे उज्जैन पहुंचा है। वहीं, विकास ने जो जानकारी दी है, उसकी जांच यूपी पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी कर रहे हैं।

आनंद तिवारी ने की मदद
बताया जा रहा है कि विकास दुबे के एक रिश्तेदार आनंद तिवारी ने उज्जैन में उसकी मदद की है। पुलिस ने उसे भी हिरासत में लिया है। आनंद तिवारी एक शराब कंपनी में मैनेजर का काम करता था। पुलिस ने कहा है कि वह अपने साथ चल रहे एक व्यक्ति का फोन यूज करता था। वहीं, एमपी सरकार उसकी गिरफ्तारी की बात कर रही है।

विकास दुबे को लेकर गई यूपी पुलिस
वहीं, विकास दुबे की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट में पेशी हुई। कोर्ट में पेशी के बाद यूपी पुलिस की टीम उसे उज्जैन से लेकर रवाना हो गई है। उज्जैन से सड़क मार्ग के जरिए पुलिस उसे इंदौर लेकर पहुंचेगी और वहां से स्पेशल विमान से लखनऊ लेकर जाएगी।