दिग्विजय ने कहा- बेटा हो या भाई भाजपा में जो जाएगा उसे चुनाव हरवाऊंगा 

दिग्विजय ने कहा- बेटा हो या भाई भाजपा में जो जाएगा उसे चुनाव हरवाऊंगा 

 
भोपाल

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का कहना है कि कांग्रेस पार्टी से बढ़कर उनके लिए कुछ नहीं है। अपना हो या पराया, चाहे बेटा जयवर्धन सिंह हो या भाई लक्ष्मण सिंह, जो भी कांग्रेस छोड़कर भाजपा या किसी दूसरी पार्टी में जाएगा, उसे चुनाव हरवाने के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे। दिग्विजय सिंह ने नईदुनिया से विशेष चर्चा में यह बात कही।

ज्योतिरादित्य सिंधिया के कांग्रेस छोड़ने के बाद उनके (सिंधिया) खिलाफ कांग्रेस का झंडा लेकर आगे चल रहे दिग्विजय सिंह ने एकबार फिर यह बात कहकर पार्टी के प्रति अपनी आस्था प्रकट की है। उन्होंने कहा कि उनके लिए पार्टी से ऊपर कोई नहीं है। उनके लिए पार्टी सबसे पहले है। अगर उनका बेटा जयवर्धन सिंह या भाई लक्ष्मण सिंह भी कांग्रेस छोड़कर भाजपा या किसी दूसरे दल में जाते हैं तो वे उनके खिलाफ भी पार्टी हित में काम करेंगे। ऐसी परिस्थिति में जयवर्धन सिंह को भी राघौगढ़ से चुनाव हरवाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
 
दिग्विजय ने कहा कि उनके भाई लक्ष्मण सिंह ने भी एकबार कांग्रेस छोड़ी थी और भाजपा में चले गए थे। उनके खिलाफ भी काम किया था। लक्ष्मण के भाजपा में जाने के बाद अब तक रिश्ते सामान्य नहीं उल्लेखनीय है कि लक्ष्मण सिंह कांग्रेस से भाजपा में गए थे और लोकसभा चुनाव जीतकर भाजपा से सांसद भी रहे थे।

इसके बाद लक्ष्मण सिंह के बड़े भाई दिग्विजय सिंह से आज तक संबंध सामान्य नहीं हो सके हैं। लक्ष्मण सिंह, कांग्रेस में रहते हुए भी दिग्विजय सिंह को ट्वीट के माध्यम से सलाह देते हैं और चांचौड़ा को जिला बनवाने की मांग को लेकर वे दिग्विजय सिंह के सरकारी आवास पर धरना तक दे चुके हैं।