जन अदालत लगाकर नक्सलियों ने दो लोगों की हत्या
बीजापुर/नारायणपुर
बीजापुर के भैरमगढ़ क्षेत्र में एक पूर्व सहायक पुलिस कांस्टेबल की तीर मारकर व नारायणपुर में अबूझमाड़ के अंदरूनी गांव मुखबिरी के शक में एक ग्रामीण को जनअदालत लगाकर नक्सलियों ने हत्या कर दी।
भैरमगढ़ थाना क्षेत्र से नक्सलियों ने रविवार देर शाम पूर्व सहायक आरक्षक बज्जि अटामी को अगवा कर लिया था। इसके बाद उसकी तीर मारकर हत्या कर दी गई। उसका शव सोमवार को मिला। इस संबंध में अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आ सकी है। माना जा रहा है कि मुखबिरी के चलते हत्या की गई है।
नारायणपुर में नक्सलियों ने जन अदालत लगाकर एक ग्रामीण को मार दिया। बताया जा रहा है कि उसकी हत्या पुलिस मुखबिरी के शक में की गई है। घटना ओरछा अबूझमाड़ क्षेत्र के आदेर गांव में 12 सितंबर की है। अंदरूनी इलाका होने के कारण पुलिस को इसकी सूचना 7 दिन बाद मिल सकी। तब तक उसका अंतिम संस्कार भी किया जा चुका था।