गोरखपुर में लगातार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, बीआरडी के कैंसर विभाग में भी घुसा पानी
गोरखपुर
गोरखपुर में पिछले दो दिन से लगातार बारिश हो रही है। शहर में जगह-जगह जलभराव से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई मोहल्लों में सड़कों पर घुटनों तक पानी लगा है। घरों में पानी घुस रहा है। बीआरडी मेडिकल कालेज के कैंसर विभाग में भी पानी घुस गया है।
बुधवार को जिले में 31.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई थी। इसके कारण दिन का तापमान सामान्य से करीब चार डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में सक्रिय सिस्टम पूर्वी यूपी की तरफ सरक रहा है। इस समय सिस्टम मध्य प्रदेश तक पहुंच गया है।
इसके कारण शनिवार तक आसमान में बादल छाए रहेंगे। रुक-रुक कर बारिश होगी। मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इसी क्रम में बुधवार को झमाझम बारिश हुई। मंगलवार को भी 12.7 मिलीमीटर बारिश हुई थी।
चार डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंचा पारा
लगातार तीन दिन से हो रही बारिश के कारण दिन का तापमान चार डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया। बुधवार को दिन में अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम में बदलाव के कारण रात की गर्मी से भी राहत मिली। बुधवार को रात का न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस रहा। इस दौरान अधिकतम आर्दता 96 फीसदी रही। न्यूनतम आर्दता 85 फीसदी रही। हवा की रफ्तार 15 किलोमीटर प्रति घंटे रही। मौसम विशेषज्ञ केसी पांडेय ने बताया कि गुरुवार को भी बादल छाए रहेंगे। बारिश होगी। दिन व रात का तापमान सामान्य से नीचे रहेगा।