गया में जनसभा के साथ जेपी नड्डा आज बिहार में करेंगे चुनाव अभियान का आगाज

गया में जनसभा के साथ जेपी नड्डा आज बिहार में करेंगे चुनाव अभियान का आगाज

 पटना 
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा रविवार को बिहार आएंगे। एक दिवसीय दौरे में वे पटना व गया के कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। चुनाव घोषित होने के बाद भाजपा अध्यक्ष का यह पहला बिहार दौरा है। अध्यक्ष के बिहार आने को भाजपा के चुनावी अभियान का आगाज के रूप में देखा जा रहा है। 

पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. संजय मयूख ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष सुबह 10 बजे पटना एयरपोर्ट पहुंचेंगे। पटना जंक्शन से सटे हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद वे 11.15 बजे कदमकुआं स्थित जेपी आवास में जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद गया के लिए रवाना हो जाएंगे। 

डॉ. मयूख ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष एक बजे गया पहुंचेंगे। दो बजे वे गया के गांधी मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। इस सभा के बाद वे वहीं से नई दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। सूत्रों के अनुसार पूर्व कार्यक्रम के अनुसार भाजपा अध्यक्ष को पटना में पार्टी नेताओं के साथ बैठक करनी थी पर व्यस्तता के कारण वे बैठक में शामिल नहीं हो सकेंगे।