कोरोना से 'शूटर दादी' चंद्रो तोमर का निधन
मेरठ
कोरोना महामारी एक के बाद एक करके मशहूर शख्सियतों को हमसे छीन रहा है। शुक्रवार को ‘शूटर दादी’ के नाम से मशहूर निशानेबाज चंद्रो तोमर का निधन हो गया। 26 अप्रैल को 89 साल की चंद्रो तोमर कोरोना पॉजिटिव पाई गई थीं। तब से मेरठ के मेडिकल कॉलेज में उनका इलाज चल रहा था। ‘शूटर दादी’ के निधन से उनके चाहने वालों में शोक की लहर दौड़ गई है। कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद चंद्रो तोमर के ट्विटर पेज पर इस बात की जानकारी दी गई थी। ट्विटर पेज पर लिखा गया था, ‘दादी चंद्रो तोमर कोरोना पॉजिटिव हैं और सांस की परेशानी के चलते हॉस्पिटल में भर्ती हैं। ईश्वर सबकी रक्षा करे- परिवार।’ ट्विटर पर शूटर दादी के कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी मिलते ही यूजर्स ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए मैसेज किए थे।
विश्व की सबसे उम्रदराज निशानेबाज
चंद्रो तोमर ने जब निशानेबाजी को अपनाया तब उनकी उम्र 60 वर्ष से अधिक थी, लेकिन इसके बाद उन्होंने कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं जीती। उन पर एक फिल्म भी बनाई गई है। उन्हें विश्व की सबसे उम्रदराज निशानेबाज माना जाता है।