कुशवाहा ने तेल की बढ़ती कीमतों पर केंद्र सरकार से पूछा सवाल, विपक्ष ने कहा- क्लियर करें अपना स्टैंड
पटना
बिहार एनडीए की सहयोगी पार्टी रालोसपा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ रही कीमतों को लेकर केंद्र सरकार से सवाल किया है। कुशवाहा के इस बयान पर विपक्ष ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। कांग्रेस ने कुशवाहा को अपना स्टैंड क्लियर करने की हिदायत दी है।
उपेंद्र कुशवाहा ने केंद्र सरकार से पेट्रोल-डीजल की बढ़ रही कीमतों पर ध्यान देने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार तेल की कीमतें बढ़ने से महंगाई भी बढ़ेगी और महंगाई बढ़ना ठीक नहीं है। कुशवाहा के इस बयान को लेकर विपक्ष ने उन्हें आड़े हाथों लिया है।
हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा(हम) के प्रदेश अध्यक्ष वृषण पटेल का कहना है कि कुशवाहा केंद्रीय मंत्री रहते हुए केंद्र सरकार से सवाल कर रहे हैं। उन्हें मंत्रिमंडल से इस्तीफा देकर विपक्ष के साथ मिलकर सरकार से इस बारे में सवाल करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कुशवाहा सबको धोखा देने का काम कर रहे हैं।
कुशवाहा के इस बयान पर कांग्रेस के नेता प्रेमचंद मिश्रा ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कुशवाहा बहुत बड़े ढोंगी हैं। वह मंत्रिमंडल में रहकर मलाई भी खा रहे हैं और केंद्र सरकार से सवाल भी पूछ रहे हैं। उन्हें अपना स्टैंड क्लियर कर लेना चाहिए।