कांग्रेस ने 5 जिलों में भंग की कार्यकारिणी

कांग्रेस ने 5 जिलों में भंग की कार्यकारिणी

भोपाल
पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के भाजपा में शामिल होने के बाद अब कांग्रेस उनके प्रभाव वाले क्षेत्रों में फिर से संगठन को खड़ा करने की कवायद में तेजी से जुट गई है। सिंधिया के प्रभाव वाले पांच जिलों की प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने जिला कार्यकारिणी भंग कर दी है। वहीं कुछ जिलों में अध्यक्ष के बाद अब कार्यवाहक अध्यक्षों की नियुक्ति कर दी है।  पीसीसी चीफ के निर्देश पर जिला कांगे्रस कमेटी गुना ग्रामीण, गुना शहर, श्योपुर, शिवपुरी, विदिशा और अशोकनगर जिले की जिला कांगे्रस कमेटियों की कार्यकारिणी तत्काल प्रभाव से भंग कर दी गई हैं। इस संबंध में प्रदेश कांगे्रस के प्रभारी महामंत्री प्रशासन राजीव सिंह ने आदेश जारी कर संबंधित जिले के अध्यक्षों को पत्र भेज दिया है। पत्र में जिला कांगे्रस कमेटी के अध्यक्षों को नवीन कार्यकारिणी के गठन के लिए पत्र लिखा है, जिसमें कहा गया है कि जिला अध्यक्ष जिले के वरिष्ठ कांगे्रसजनों, पदाधिकारियों, निर्वाचित जनप्रतिनिधियों से चर्चा एवं समन्वय स्थापित कर एक सप्ताह के अंदर प्रस्तावित सूची अनुमोदन हेतु प्रदेश कांगे्रस कमेटी को प्रेषित करें।

इन जिलों में है सिंधिया का प्रभाव
गौरतलब है कि गुना, श्योपुर, शिवपुरी और अशोक नगर सिंधिया के प्रभाव वाले जिले माने जाते हैं। वहीं विदिशा जिले में सिंधिया ने अपने समर्थक शैलेंद्र रघुवंशी को करीब डेढ़ साल पहले जिला कांग्रेस अध्यक्ष बनवाया था। इस जिले के कुछ हिस्सों में भी सिंधिया का प्रभाव माना जाता है। कमलनाथ ने विदिशाा जिले में लखन लोधी और मोहित रघुवंशी को कार्यवाहक जिला अध्यक्ष बनाया है। कुछ अन्य जिलों में भी कार्यवाहक अध्यक्ष बनाएं गए हैं।