आसाराम की साधिकाओं पर आई मुसीबत, आश्रम में घुसे बदमाश, कैमरे में कैद हुई घटना
मेरठ परतापुर
बलात्कार के मामले में जोधपुर की सेंट्रल जेल में बंद आसाराम के उत्तर प्रदेश के मेरठ में परतापुर स्थित आश्रम पर शनिवार को हथियारबंद युवकों ने धावा बोल दिया। आश्रम की महिला साधिकाओं से मारपीट-गाली गलौज कर उन्हें दो दिन में आश्रम खाली करने की धमकी दी गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मेरठ में बिजली बंबा बाईपास से गूमी गांव जाने वाले रास्ते पर आसाराम का आश्रम है।
यहां पुष्पांजलि, नेहा, अनीता काफी समय से रहकर आश्रम की देखभाल करती हैं। शनिवार दोपहर आश्रम पर गाजियाबाद नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार में चार-पांच युवक पहुंचे जो हथियारों से लैस थे। वह जबरन आश्रम में घुस गए और तोड़फोड़ करते हुए महिलाओं से मारपीट, गाली-गलौज की। इस दौरान रिठानी निवासी रामू भी आश्रम पर आ गया। हथियारबंद युवकों ने उसे भी पीटा। रामू जान बचाकर भागा तो बदमाशों ने उसका पीछा किया और गोली मारने की धमकी दी।
हमलावरों ने महिलाओं को आश्रम खाली करने के लिए दो दिन का समय दिया। आश्रम खाली नहीं करने पर अंजाम भुगतने की धमकी देते हुए आरोपी फरार हो गए। आश्रम के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरा घटनाक्रम कैद हो गया। पुलिस ने पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ली है। कार के नंबर से हमलावरों की तलाश की जा रही है।
आनंद प्रकाश मिश्र, इंस्पेक्टर, थाना परतापुर ने बताया कि एक सप्ताह पहले आश्रम पर कुछ लोगों ने महिला साधिकाओं से मारपीट की थी। अब वे दोबारा आश्रम पहुंचे। साधिकाओं से मारपीट-अभद्रता की और आश्रम खाली करने का दबाव बनाया। सीसीटीवी कैमरे में कार का नंबर और आरोपी कैद हो गए हैं। उनकी शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।
चक्रपाणि त्रिपाठी, सीओ, ब्रह्मपुरी ने बताया कि आश्रम पर कब्जा क्यों करना चाह रहे हैं, यह आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही पता चलेगा। प्रथम दृष्टया जमीन का विवाद नहीं लगता, क्योंकि बाकायदा ट्रस्ट के नाम जमीन की रजिस्ट्री होने पर ये आश्रम बनाए जाते हैं।