राम मंदिर निर्माण: कमलनाथ भी दे सकते हैं दान, दिग्विजय सिंह, संजय शुक्ला दे चुके सहयोग राशि

राम मंदिर निर्माण: कमलनाथ भी दे सकते हैं दान, दिग्विजय सिंह, संजय शुक्ला दे चुके सहयोग राशि

भोपाल
अयोध्या में भगवान श्रीराम के मंदिर निर्माण के जरिए कांग्रेस मध्य प्रदेश में फिर सॉफ्ट हिंदुत्व की ओर बढ़ रही है। कांग्रेस के कई नेता राम मंदिर निर्माण में सहयोग राशि देने के लिए आगे आए है। प्रदेश कांग्रेस भी चांदी की ईटें यहां के लिए दान देगी। वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ भी मंदिर निर्माण में दान दे सकते हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के पीसीसी चीफ बनने के बाद से कांग्रेस सॉफ्ट हिंदुत्व की ओर तेजी से बढ़ रही है। प्रदेश में कमलनाथ की छवि हनुमान भक्त के रूप में प्रचारित की गई थी। गौरतलब है कि कमलनाथ ने छिंदवाड़ा में हनुमान जी की 103 फीट ऊंची मूर्ति की स्थापना करवाई है। इस परिसर में उन्होंने राम दरबार, विष्णु-लक्ष्मी सहित कई भगवानों के मंदिर भी बनवाएं हैं। प्रदेश कांग्रेस का चार्ज लेने के बाद कमलनाथ सीधे गुफा मंदिर, महाकाल और उसी दिन पीताम्बर पीठ पूजा अर्चना करने पहुंचे थे। मुख्यमंत्री रहने के दौरान उन्होंने मिंटो हाल में हनुमान चालीसा का पाठ भी करवाया था। उपचुनाव के परिणाम वाली सुबह भी वे कमला पार्क स्थित हनुमान मंदिर में पूजा करने के लिए गए थे। इसके बाद उन्होंने ऐलान किया था कि मंदिर निर्माण में प्रदेश कांग्रेस चांदी की पांच ईटें देगी। अब ऐसा माना जा रहा है कि वे भी सहयोग राशि दे सकते हैं।

इधर लगातार हिंदुओं के टारगेट पर रहने वाले पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने राम मंदिर निर्माण के लिए एक लाख 11 हजार 111 रुपए दान में दिए हैं। हालांकि उन्होंने यह चेक मंदिर टस्ट के नाम जारी कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजा है। वहीं इंदौर के विधायक संजय शुक्ला ने भी राम मंदिर निर्माण के लिए दान दिया है। संजय शुक्ला इंदौर नगर निगम में महापौर के सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। वहीं कमलनाथ के मुख्यमंत्री रहते उनके ओएसडी रहे प्रवीण कक्कड़ ने भी राम मंदिर निर्माण के लिए सहयोग राशि दी है।