बिहार में छपरा के मांझी थाना क्षेत्र के मुबारकपुर छठ घाट पर हर्ष फायरिंग, महिला समेत पांच घायल

बिहार में छपरा के मांझी थाना क्षेत्र के मुबारकपुर छठ घाट पर हर्ष फायरिंग, महिला समेत पांच घायल

मांझी (छपरा) 
बिहार में छपरा के मांझी थाना क्षेत्र के मुबारकपुर छठ घाट पर अर्घ्यदान के समय हर्ष फायरिंग से अफरातफरी मच गई। गोली लगने से पांच लोग घायल हो गए। इसमें एक महिला भी शामिल है। तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। तीनों को छपरा रेफर कर दिया गया है। गोली चलने का वीडियो भी वायरल है।

बताया जाता है कि हाल ही में जेल से छूटे एक अपराधी ने छठ घाट पर अति उत्साह में फायरिंग करना शुरू कर दिया। कट्टा जैसी दिख रही गैर लाइसेंसी बंदूक में गोली भरने के बाद जैसे ही ऊपर किया गया गोली चल गई। बंदूक के ठीक सामने आया युवक गोली लगते ही जमीन पर गिर पड़ा। उसके साथ ही चार अन्य लोगों को भी गोली के छर्रे लगे।

जख्मी लोगों में ऋतिक सिंह, गिरिजा देवी और सोनू सिंह को छपरा रेफर कर दिया गया है। गोलू सिंह व सुधीर सिंह का इलाज एकमा में चल रहा हैं। घटना के बाद घाट पर भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मांझी थाना पुलिस मुबारकपुर पहुंची। पुलिस आरोपी को जल्द पकड़ लेने का दावा कर रही है।

फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि अपराधी अकेले पहुंचा था या परिवार के साथ छठ मनाने आया था।  एक अपराधी के इस तरह सार्वजनिक स्थान पर बंदूक लेकर पहुंचने से पुलिस के दावों की भी पोल खुल गई है। भीड़ भाड़ वाले स्थान पर पुलिस की भी तैनाती होनी चाहिए थी। लेकिन बताया जाता है कि आसपास कोई पुलिसकर्मी नहीं था। 

इससे पहले बिहार के हाजीपुर में छठ पूजा का घाट बनाने के दौरान बवाल हो गया था। दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई, जिसमें कई घायल हो गए थे। ये घटना गुरुवार की है। मामला महनार थाना क्षेत्र के नवरंगपुर का है, जहां छठ पूजा के बीच घाट बनाने के विवाद में दो पक्ष एक दूसरे की जान लेने पर उतारू दिखे।

दरअसल, छठ पूजा का घाट बनाने को लेकर कुछ बच्चे आपस में उलझ गए, लेकिन थोड़ी देर बाद बच्चों के झगड़े में बड़े भी शामिल हो गए, जिसके बाद दोनों पक्ष एक दूसरे से भिड़ गए। मारपीट में कई लोग घायल हो गए, जिसमें महिलाएं भी हैं। उन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।