बिहार चुनाव 2020: आज हो सकता है तारीखों का ऐलान, हर मतदाता के वोट डालने के बाद सेनेटाइज होगी ईवीएम

बिहार चुनाव 2020: आज हो सकता है तारीखों का ऐलान, हर मतदाता के वोट डालने के बाद सेनेटाइज होगी ईवीएम

पटना                                                                                                                                                                                          
बिहार विधानसभा चुनाव के तारीखों की घोषणा आज हो सकती है। चुनाव आयोग ने आज साढ़े 12 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है और माना जा रहा है कि बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव के तारीखों की घोषणा की जा सकती है। वहीं कोरोना काल में बिहार विधान सभा चुनाव को लेकर हो रही तैयारियों में मतदाताओं की स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर कई इंतजाम किये जा रहे हैं। चुनाव आयोग कई मोर्चों पर सक्रिय है। संक्रमण के खतरों से बचने के लिए  हर मतदाता के वोट डालने के बाद ईवीएम को सेनेटाइज करने का निर्णय लिया गया है। आयोग ने पहली बार सीधे स्वास्थ्य विभाग को कई जिम्मेवारियां सौंपी है। इस आलोक में स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव ने सूबे के सभी सिविल सर्जन को चुनावी तैयारी तेज करने का निर्देश दिया।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से तय किया गया है कि चुनाव के दौरान कोरोना से बचाव के उपायों को संजीदगी से अपनाया जाएगा। बूथ पर वोट डालने आने वाले मतदाताओं को मास्क और ग्लब्स पहनकर आना होगा। जो वोटर मास्क पहनकर नहीं आएंगे उन्हें मतदान से स्वास्थ्य विभाग की टीम रोकेगी। मतदाता को दो गज की दूरी का पालन करना होगा। हर बूथ पर स्वास्थ्य कर्मी तैनात किये जाएंगे।इतना ही नहीं, मुख्यालय की ओर से जिला स्वास्थ्य समिति को निर्देश दिया गया है कि वोटिंग के दिन विशेष सतर्कता बरती जाये। हर एक मतदाता के वोट डालने के बाद ईवीएम को सेनेटाइज किया जाएगा। मतदाता ग्लब्स पहनकर ही ईवीएम का इस्तेमाल कर सकेंगे।

चिकित्सक भी बनाए जा सकते दंडाधिकारी
इस बार जिलों में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ चिकित्सक भी दंडाधिकारी बनाए जा सकते हैं। अधिकारियों के अनुसार अभी तक स्वास्थ्य विभाग की भूमिका स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने तक ही समिति थीं। कोरोना के मद्देनजर चुनाव में चकित्सकों की भूमिका बढ़ाई गई है।