जब धोनी खुद ग्राउंड से नागपुर होटल तक चलाकर ले गए थे टीम बस, लक्ष्मण ने सुनाया किस्सा

जब धोनी खुद ग्राउंड से नागपुर होटल तक चलाकर ले गए थे टीम बस, लक्ष्मण ने सुनाया किस्सा

 नई दिल्ली 
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को 'कैप्टन कूल' के नाम से भी जाना जाता है। मैच के दौरान जिन परिस्थितियों में कोई भी कप्तान आसानी से अपना धैर्य खो देता, वह अभूतपूर्व धैर्य के साथ मैदान पर खड़े रहते हैं। अपनी इन्हीं क्षमताओं के चलते ही धोनी ने 'कैप्टन कूल' के नाम से क्रिकेट की दुनिया में फेमस हुए। हाल ही में पूर्व भारतीय बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण ने खुलासा किया कि धोनी जितने मैदान पर कूल थे, उतने ही मैदान से बाहर भी कूल थे। वीवीएस लक्ष्मण ने स्टार स्पोर्ट्स के शो 'क्रिकेट कनेक्टेड' में उस टेस्ट को याद किया जब 2008 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में धोनी नागपुर में बस को खुद चला कर होटल तक ले गए थे। उन्होंने कहा, ''2008 में दिल्ली में अनिल कुंबले के रिटायर होने के बाद महेंद्र सिंह धोनी टीम के कप्तान थे। धोनी ने ड्राइवर से पीछे जाकर बैठने के लिए कहा और बस चलाकर होटल तक ले गए।''
 
उन्होंने आगे कहा, ''हम सब यह देखकर हैरान थे। टीम इंडिया का कप्तान बस चला रहा था। वह इसी तरह जीवन का लुत्फ उठाते थे। एक क्रिकेटर के रूप में वह मैदान पर सब कुछ करते थे, लेकिन मैदान से बाहर वह एकदम सामान्य थे।'' लक्ष्मण ने उस किस्से का भी जिक्र किया, जब पाकिस्तान के खिलाफ फैसलाबाद में धोनी ने अपना दूसरा शतक लगाया था। इस शतक के बाद धोनी ने ड्रेसिंग रूम में मजाक में कहा था कि वह टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने  जा रहे हैं। लक्ष्मण ने कहा, ''मुझे आज भी याद है कि  धोनी ऊंची आवाज में कहा था कि वह टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने जा रहे हैं। उन्होंने कहा था कि मैं टेस्ट में हंड्रेड मारा, बस यार। मैं टेस्ट क्रिकेट में इससे ज्यादा और कुछ नहीं चाहता। हम सब यह सुनकर चौंक गए थे, लेकिन हमेशा से ही ऐसे हैं।''

बता दें कि धोनी ने 2019 के वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी मैच खेला था। यह सेमीफाइनल मैच था, जिसमें भारत को हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद से ही धोनी के संन्यास और भविष्य को लेकर तमाम तरह की अटकलें चल रही थीं। एक तरफ कयास लगाए जा रहे थे कि आईपीएल में उनकी परफॉर्मेंस तय करेगी कि वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लौटेंगे या नहीं, लेकिन धोनी ने संन्यास लेकर इन सब पर विराम लगा दिया। अब धोनी 19 सितंबर से 10 नवंबर के बीच यूएई में खेले जाने वाले आईपीएल 2020 में खेलते हुए दिखाई देंगे। धोनी चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान हैं और टीम को तीन बार आईपीएल खिताब दिलवा चुके हैं। फिलहाल धोनी सीएसके के कैंप के लिए चेन्नई में हैं और यहीं से यूएई के लिए रवाना होंगे।