कान्हा में बाघ गणना कार्यशाला का आयोजन
Syed Javed Ali
मंडला – कान्हा टाईगर रिजर्व के अंतर्गत खटिया ईको सेन्टर में दिनांक 11 जनवरी 2018 को पन्ना एवं पेंच जोन के अंतर्गत अखिल भारतीय बाघ आंकलन 2018 हेतु कार्यशाला आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्घाटन शुभरंजन सेन, क्षेत्र संचालक, पेंच टाईगर रिजर्व, सिवनी द्वारा किया गया। उन्होनें प्रतिनिधियों को इस कार्यशाला के उद्धेश्यों एवं इस प्रशिक्षण के महत्व के बारे में बताया। इसके पूर्व के.एस. भदौरिया, संयुक्त संचालक, कान्हा टाईगर रिजर्व द्वारा क्षेत्रीय वनमण्डल के अधिकारियों /कर्मचारियों का स्वागत करते हुये इस कार्यशाला की तैयारियों एवं कार्यक्रम पर प्रकाश डाला।
इस कार्यशाला के अंतर्गत सैद्धातिक एवं व्यवाहारिक सत्रों का समावेश था। भारतीय वन्यजीव संस्थान, देहरादून के प्रतिनिधियों द्वारा बाघ संरक्षण अनुश्रवण, मांसाहारी वन्यजीवों के साक्ष्यों/चिन्हों एवं निर्धारित आकलन प्रपत्रों के आधार पर शाकाहारी वन्यप्राणियों तथा आवास स्थानों से संबंधित आकड़ों के गुणवत्तापूर्ण संकलन पर प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने बाघों की पहचान हेतु जैविक विशलेषण के लिए विष्ठा एकत्रीकरण के प्रोटोकाल पर प्रकाश डाला। इसके अतिरिक्त इस गणना विधि में प्रथम बार उपयोग में लाये जाने वाले मोबाईल एप की भी जानकारी दी गई। व्यवहारिक सत्रों में प्रतिनिधियों को विभिन्न उपकरणों के उपयोग, वन में वन्यप्राणी के चिन्हों की पहचान एवं निर्धारित प्रपत्रों में गुणवत्तापूर्ण आकड़ों की प्रविष्टि संबंधी अभ्यास कराया गया।
इस कार्यशाला के आयोजन में व्ही.के वर्मा, मुख्य वन संरक्षक, सागर, राघवेन्द्र श्रीवास्तव, मुख्य वन संरक्षक, छत्तरपुर, सुश्री अंजना सुचिता तिर्की, उप संचालक, बफरजोन, एस.के. सिन्हा, सुधीर मिश्रा, एस. सेन्द्राम, एस.के. खरे, आर एस उइके, सहायक संचालक, तथा उक्त जोन के वनमण्डलाधिकारी एवं उप मण्डलाधिकारी तथा कर्मचारियों ने भाग लिया।