हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के चौथी बार अध्यक्ष बने केशरवानी

हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के चौथी बार अध्यक्ष बने केशरवानी

बिलासपुर
हाईकोर्ट बार एसोसियेशन के अध्यक्ष पद पर चंद्रकुमार केशरवानी ने चौथी बार जीत हासिल कर ली है। उन्होंने प्रतिद्वन्द्वी निरुपमा बाजपेयी को 110 मतों से पराजित किया। पांच बार सचिव रहे अब्दुल वहाब को इस बार हार का सामना करना पड़ा है। केशरवानी के साथ बार एसोसियेशन की पूरी कार्यकारिणी में नये लोगों की टीम है।

हाईकोर्ट बार एसोसियेशन के लिए मतदान मंगलवार को हुआ था। बुधवार को मतों की गिनती हुई और रात में इसका परिणाम घोषित किया गया। केशरवानी को कुल 250 मत मिले। उनके निकटतम प्रतिद्वन्द्वी निरुपमा बाजपेयी को 140 मत हासिल हुए। बार एसोसियेशन के 940 सदस्यों में से 636 ने मतदान में भाग लिया था। केशरवानी सन् 2011 से अध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ते आये हैं। सन् 2013 में उन्हें विवेकरंजन तिवारी ने परास्त किया था। इसके बाद वे लगातार इस पद पर चुने जा रहे हैं। अध्यक्ष पद के लिए रमाकांत पांडेय, शैलेष आहूजा और उत्तम पांडेय भी मैदान पर थे।

पांच बार हाईकोर्ट के सचिव रहे अब्दुल वहाब खान को इस बार हार का सामना करना पड़ा। उन्हें राकेश मोहन पांडेय ने परास्त किया। कोषाध्यक्ष पद पर अनिल त्रिपाठी को 226 और पवन श्रीवास्तव को 225 मत मिले। श्रीवास्तव की मांग पर चुनाव अधिकारी शैलेन्द्र दुबे ने मतों की दुबारा गिनती कराई और त्रिपाठी को ही निर्वाचित घोषित किया गया। पराजित प्रत्याशी पवन श्रीवास्तव का कहना है कि हम इसके खिलाफ अपील करेंगे क्योंकि कुल मतपत्रों की संख्या दुबारा की गिनती में बढ़ गई थी।

उपाध्यक्ष पद पर उमाकांत चंदेल, सह-सचिव पद पर वरूनेन्द्र मिश्रा, लाइब्रेरी सचिव पद पर अरविन्द दुबे चुने गये हैं। कार्यकारिणी में विवेक सिंघल, अच्युत तिवारी, अभिषेक पांडेय,आशुतोष शुक्ला, चंद्रप्रकाश लहरे, अजय चंद्रा व जितेन्द्र गुप्ता ने जीत हासिल की।