नोएडा में 2 किशोरियों से दुष्कर्म, पिता समेत 4 लोग गिरफ्तार
नोएडा
पुलिस ने दादरी और नोएडा में दो किशोरियों से बलात्कार की अलग-अलग घटनाओं में पिता समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, ग्रेटर नोएडा में एक अन्य घटना में मौलवी ने तीन साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। बच्ची की चीख सुनकर लोगों ने उसे बचाया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पहली घटना दादरी क्षेत्र की है। दादरी थाना प्रभारी मुनीष चौहान ने बताया कि 17 वर्षीय किशोरी ने पिता पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए शिकायत दी थी। इसमें आरोप लगाया गया था कि सात साल से पिता बलात्कार कर रहा है। विरोध करने पर पिटाई करता है और जान से मारने की धमकी भी देता है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामला दर्ज कर किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया है। आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है।
दूसरी घटना नोएडा के थाना सेक्टर 39 के तहत गांव सलारपुर की है। थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शाही के अनुसार 14 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक बलात्कार के एक मामले में 3 युवकों को गिरफ्तार किया है। शाही ने बताया कि पुलिस को दी गई शिकायत में सलारपुर गांव निवासी एक व्यक्ति ने आरोप लगाया कि रोहित और पप्पू सहित तीन लोग कल रात उसकी बेटी को जबरन मास्टर जसवंत सिंह के मकान में ले गए। आरोप है कि तीनों ने किशोरी से बलात्कार किया और उसका वीडियो भी बनाया।
तीसरी घटना थाना ग्रेटर नोएडा के डाढा गांव की है। थाना ग्रेटर नोएडा के थानाध्यक्ष धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि डाढा गांव में रहने वाले एक व्यक्ति ने थाने में दी शिकायत में आरोप लगाया कि उनकी तीन वर्षीय बेटी के साथ बीती रात गांव के मौलाना हारून ने दुष्कर्म का प्रयास किया। बच्ची दुकान पर फ्रूटी लेने गई थी, जिस दौरान मौलाना ने उसे घर में खींच लिया। बच्ची की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों को देख मौलवी वहां से फरार हो गया। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने थाने पर प्रदर्शन किया। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जल्द ही मौलवी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।